रविवार, September 1, 2019

चंडीगढ़, 1 सितम्बर-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा पिछले 5 वर्षों में व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से विभिन्न विभागों की अधिकतर सेवाओं को ऑनलाइन किए जाने से अब लोगों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए दफ्तरों व अफसरों के चक्कर काटने से निजात मिल गई है।

मुख्यमंत्री आज जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान लौहार विधानसभा क्षेत्र के गांव में लोगों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि अब लोगों को ऑनलाइन आवेदन करते ही एसएमएस के माध्यम से उनके मोबाइल फोन पर कार्य होने की जानकारी मिल जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र विकास के कार्य केंद्र सरकार अपने स्तर पर करती है और जनता की सेवा करना राज्य सरकारों का कार्य होता है, इसी कड़ी में हम पिछले 5 वर्षों से हरियाणा की ढाई करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर सेवा भाव से कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 एवे धारा 35-ए हटा जाने से हरियाणा के लोगों को बड़ा फायदा होगा क्योंकि भारतीय सेना में हर दसवां सैनिक हरियाणा से ही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले आए दिन जम्मू कश्मीर से किसी न किसी शहीद का पार्थिव शरीर देश के किसी न किसी प्रदेश में आता रहता था। हरियाणा में भी शहीदों के ताबूत आए हैं और लोगों ने राजनीति से ऊपर उठकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। अब जम्मू कश्मीर में शांति बहाली से सैनिकों की शहादत भी कम होगी।

इस अवसर पर सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह और शिक्षा मंत्री श्री रामबिलास शर्मा ने भी लोगों को सम्बोधित किया।