शनिवार, June 8, 2019

 

  • चंडीगढ़, 8 जून- केंद्रीय जल शक्ति एवं सामाजिक न्याय राज्य मंत्री श्री रतन लाल कटारिया और विधायक श्रीमती लतिका शर्मा ने लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर आज कालका और पिंजौर में रोड-शो करके मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। यह रोड-शो कालका में श्री काली माता मन्दिर में माथा टेकने के उपरांत आरम्भ किया गया जिसमें भाजपा पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने भी केंद्रीय राज्य मंत्री और विधायक का अभिवादन स्वीकार किया। कालका पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से एस.डी.एम कालका श्रीमती मनिता मलिक तथा मन्दिर प्रशासन की ओर से श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस.पी आरोडा ने पुष्पगुच्छ देकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।  
  • रोड-शो आरम्भ होने से पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये कहा कि हरियाणा में पहली बार भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ कर 10 की 10 लोकसभा सीटो पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं द्वारा दिन रात की गई मेहनत और गर्मी में बहाये गए पसीने के फलस्वरूप संभव हो पाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि वे अभी से विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट जायें और हरियाणा विधानसभा के अक्तूबर मास में होने वाले आम विधानसभा चुनाव में 90 में से 80 सीटे जीतने के लक्ष्य को हासिल करने के लिये मेहनत करें। उन्होंने चुनाव में भारी बहुमत से चुनाव जीतवाने के लिये कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुये विश्वास दिलवाया कि वे अम्बाला संसदीय क्षेत्र के विकास के लिये केंद्र सरकार से अधिक से अधिक अनुदान लाने का प्रयास करेगें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विपक्ष का वजूद समाप्त हो चुका है और सभी विपक्षी दल अपने नेताओं को नीचा दिखाने में लगे हुये है। 
  • विधायक श्रीमती लतिका शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 में कालका विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के सांसद श्री रतन लाल कटारिया को 48000 से अधिक मतो की लीड दिलवाकर कार्यकतार्ओं ने एक नया रिकार्ड कायम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कालका विधानसभा क्षेत्र के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है और अब स्थानीय सांसद के केंद्रीय मंत्री बनने से विकास को और गति मिलेगी। 
  • रोड-शो के दौरान कार्यकर्ताओं और जनता में विशेष जोश देखने को मिला। कालका और पिंजौर के मुख्य बजारो में जगह जगह पर भारी संख्या में लोगों ने केंद्रीय मंत्री और विधायक का स्वागत किया। रोड शो में केंद्रीय मंत्री के साथ विधायक श्रीमती लतिका शर्मा, भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री दीपक शर्मा, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बंतो कटारिया, जिला उपाध्यक्ष श्री संजीव कौशल, मंडलाध्यक्ष श्री सुनील धीमान, सहित बडी संख्या में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठो के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।