बुधवार, November 6, 2019

चण्डीगढ़, 6 नवम्बर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आज घोषणा की कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए जाने वाले हरियाणा के श्रद्धालुओं का आवागमन खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा आज यहां हरियाणा विधानसभा के सत्र समापन के उपरांत मीडिया कर्मियों के साथ हुई बातचीत के दौरान की। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए हरियाणा से लगभग 5500 श्रद्धालू बस व रेल से जाएंगे, जिनका किराया राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्वागत सिक्ख समाज व विभिन्न सिक्ख संगतों ने किया है, जिनमें रियासी के बाबा जतिन्द्र पाल सिंह सोढी, इसराना के बाबा देवेन्द्र सिंह, सिरसा से बाबा गुरमीत सिंह, करनाल के बाबा जोगा सिंह व बाबा कश्मीरा सिंह, दिल्ली से बाबा सुरेन्द्र सिंह, जगाधरी के महंत कर्मजीत सिंह शामिल हैं। इसी प्रकार, रोहतक से प्रीतम सिंह बियाना, राम सिंह हंस और वेद मक्कड़, अम्बाला कैंट से श्री बिंद्रा, अम्बाला सिटी से मोहनजीत सिंह, फरीदाबाद से एएस खुराना, यमुनानगर लोहगढ़ ट्रस्ट के दिलजीत सिंह बाजवा, सरदार गुरबख्श सिंह, सरदार परमजीत सिंह, सरदार जोगा सिंह, करनाल से सरदार हरप्रीत सिंह नरूला, सरदार जगदीश सिंह झिंडा, सरदार गुरविंद्र सिंह, पानीपत से मोहनजीत सिंह, सिरसा से सुरेन्द्र सिंह वेदवाला, कुरुक्षेत्र से गुरबच्चन सिंह, पानीपत से भूपेन्द्र सिंह और मेयर अवनीत कौर शामिल हैं।

राज्य सरकार द्वारा गत 3 जून, 2016 को यमुनानगर में बाबा बंदा सिंह बहादुर के 300वें शहीदी पर्व को राज्य स्तर पर मनाया गया। इसी प्रकार, 12 फरवरी, 2017 को करनाल में और 12 नवम्बर 2017 यमुनानगर में 350वां गुरु गोविंद सिंह प्रकाश उत्सव मनाया गया। वहीं, 4 अगस्त, 2019 को सिरसा में 550वां प्रकाश पर्व आयोजित किया गया। पटना में आयोजित किए गये प्रकाश पर्व में श्रद्धालुओं के लिए राज्य सरकार द्वारा एक विशेष रेलगाड़ी भी वर्ष 2017 में चलाई गई थी।