शुक्रवार, June 26, 2020

चंडीगढ़, 26 जून- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग तथा नहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (काडा) विभागों को संयुक्त रूप से नहरी तंत्र की मैपिंग कर क्षेत्रीय सर्वे का कार्य दो महीनों के अंदर-अंदर करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री आज सूक्ष्म सिंचाई मिशन प्राधिकरण तथा भू-जल नियंत्रण के लिए तंत्र विकसित करने के लिए सम्बंधित विभागों की बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री जय प्रकाश दलाल भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नहरों के हर मोगे तथा काडा द्वारा बनाए गए जल मार्गों का मुरम्मत और विस्तारित कार्य की मैपिंग की जानी चाहिए। जिला कृषि विकास अधिकारी व कृषि विकास अधिकारी सटीक रिपोर्ट दे सकते हैं कि किस खेत में कौन सी फसल उगाई गई है।

बैठक में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री देवेन्द्र सिंह ने सूक्ष्म सिंचाई मिशन प्राधिकरण पर प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि सूक्ष्म सिंचाई मिशन प्राधिकरण मुख्य रूप से शासी निकाय तथा कार्यकारी समिति के माध्यम से कार्य करेगा। शासी निकाय में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल अध्यक्ष होंगे और इसमें 10 पदेन सदस्य शामिल होंगे, जबकि मुख्य सचिव श्रीमती केशनी आनन्द अरोड़ा कार्यकारी समिति में अध्यक्ष होंगी तथा 7 पदेन सदस्य होंगे।

शासी निकाय के पदेन सदस्यों में मुख्यमंत्री सिंचाई व वित्त मंत्री के रूप में, ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में उप मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री जय प्रकाश दलाल, मुख्य सचिव श्रीमती केशनी आनन्द अरोड़ा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री देवेन्द्र सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री टी.वी.एस.एन.प्रसाद तथा विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव श्री सुधीर राजपाल शामिल होंगे।

इसी प्रकार, कार्यकारी समिति में अध्यक्ष मुख्य सचिव श्रीमती केशनी आनन्द अरोड़ा होंगी, जबकि पदेन सदस्यों में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री देवेन्द्र सिंह, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री टी.वी.एस.एन.प्रसाद, विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव श्री सुधीर राजपाल, महानिदेशक कृषि श्री विजय सिंह दहिया, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख श्री बिजेन्द्र सिंह शामिल होंगे। इसके अलावा, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के विशेष सचिव तथा काडा के प्रशासक श्री वजीर सिंह गोयत इसके सदस्य सचिव होंगे।