रविवार, July 9, 2023

चंडीगढ़, 9 जुलाई-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार संत समाज की तरह सभी वर्गो को आगे बढाने का कार्य कर रही हैं ताकि अंतिम पायदान पर खड़े समाज के प्रत्येक नागरिक का सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान सम्भव हो सके। इस प्रकार अंत्योदय की भावना से ही अंतिम व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सकता है। 

मुख्यमंत्री आज यहां प्रजापति दक्ष महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश भर से आए समाज के अग्रणी लोगों से सीधा संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रजापति समाज को पंचकूला में दी गई एक हजार वर्ग गज भूमि के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने बहुतकनीकि संस्थान हिसार का नामकरण दक्ष प्रजापति करने का भी ऐलान किया। समाज के प्रति मुख्यमंत्री का उदार स्नेह देखकर लोग प्रफुल्लित नजर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय की भावना को साकार करने के लिए ’हरियाणा एक हरियाणवी एक’ का नारा दिया गया। सरकार उसे चरितार्थ करने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गो के साथ मिलकर राजनीतिक जातिवाद को खत्म कर ही आगे बढना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में सरकार की सोच के अनुरूप बिना पर्ची, खर्ची व योग्यता के आधार पर सबसे अधिक गरीब परिवारों को ही लाभ पहुंचा है।

प्रजापति समाज तरक्की की ओर अग्रसर 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में क्रियान्वित पीपीपी महत्वाकांक्षी योजना से 72 लाख परिवारों का डाटा एकत्र किया जा चुका है। इनमें प्रजापति समाज के एक लाख 87 हजार 727 परिवारों के 7 लाख 89 हजार सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से 2 लाख 51 हजार विद्यार्थी हैं जो कुल आबादी का 32 प्रतिशत है। यह बहुत ही खुशी की बात है कि जिस समाज में विद्यार्थियों की संख्या 30 प्रतिशत से अधिक है वह समाज तरक्की की ओर अग्रसर हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रजापति समाज के 27 हजार 139 बेरोजगार हैं जो कुल आबादी का केवल 3 प्रतिशत है। इसलिए इन्हें निपुण बनाने के लिए कार्य करना है। इसके लिए कैंप एवं स्वरोजगार मेले भी लगाए जाएगें। सरकार की ओर से इसके लिए धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज में निपुणता है। इसलिए समाज ऐसी चीजें बनाए जिन्हें लोग पसंद करें और वे लोगों के काम भी आएं।

200 वर्ग गज क्षेत्रफल पर मालिकाना हक उपलब्ध करवाने के लिए सर्वे

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1957 में पंचायती भूमि पर प्रजापति समाज को मलकीयत देने के लिए 600 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से नियम बने थे। लेकिन अब जमीन उपयोगी हो गई है इसके लिए पक्के नियम बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत कलैक्टर रेट पर पंचायतों को 200 वर्ग गज क्षेत्रफल की राशि जमा करवार कर मालिकाना हक उपलब्ध करवाया जा सकता है। इसके लिए स्वामित्व योजना में पुराने कब्जे वालों प्लाटों का मालिकाना हक दिलवाने बारे सर्वे करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा बेहतर योजना बनाई जा रही है जिसके तहत संस्थाओं को छात्रावास बनाकर दिए जाएगें जिसका खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इनमें सभी वर्ग के विद्यार्थियों से आमदनी के हिसाब से खर्चा लिया जाएगा। इसके अलावा संस्थानों को छात्रावास निर्माण के लिए भी ग्रांट प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष श्री रणबीर गंगवा ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का पंचायती राज संस्थाओं एवं नगरपरिषद व नगर पालिका चुनावों में 8 प्रतिशत आरक्षण देने पर आभार जताया। जिसके कारण 500 से ज्यादा सरंपच प्रतिनिधि चुन कर आए हैं। यह राज्य सरकार की सबसे बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ’सबका साथ, सबका विकास’ के साथ हर वर्ग का ध्यान रखा है। इसके अलावा महापुरुषों की जयंतियां भी सरकारी तौर पर मनाने का निर्णय लिया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री को शॉल, पगड़ी एवं दक्ष प्रजापति महाराज का चित्र भेंटकर सम्मानित किया। पूर्व मंत्री एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कर्ण देव कम्बोज, मुख्यमंत्री के राजनेतिक सलाहाकार भारत भूषण भारती, माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर मालवाल, मेयर मदन सिंह चौहान सहित प्रदेश भर से आए समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।