बुधवार, जनवरी 30, 2019
  • चंडीगढ़, 30 जनवरी- हरियाणा में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्य तिथि विभिन्न स्थानों पर मनाई गई। इस मौके पर राज्य के अधिकारियों, कर्मचारियों और राज्यवासियों सहित अन्य लोगों ने उन्हें याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को श्रद्धांजलि दी ।
  • आज यहां जारी एक संदेश में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने युवा पीढ़ी का आहवान करते हुए कहा कि वे महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए सत्य एवं अंहिसा के मार्ग का अनुसरण करें और उनके सपनों के भारत का निर्माण करने में हर नागरिक अपना पूर्ण योगदान दें।
  • उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने देश को बिना हथियार उठाए अहिंसा के रास्ते पर चल कर आजादी दिलवाने में अहम भूमिका निभाई।
  • चंडीगढ़, 30 जनवरी- हरियाणा सरकार इस वर्ष से किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए किसान रत्न पुरस्कार शुरू करने जा रही है। इसमें पुरस्कार स्वरूप पांच लाख रुपये नकद व एक प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।
  • यह घोषणा आज हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने हरियाणा पंचायत भवन, चंडीगढ़ मेें आयोजित एक समारोह मेें की। हरियाणा सरकार द्वारा इस समारोह का आयोजन पद्मश्री-2019 पुरस्कार के लिए चयनित होने वाले किसानों को सम्मानित करने के लिए किया गया।
  • श्री धनखड़ ने अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने देश के 12 किसानों को देश का सर्वोच्च सम्मान देने का निर्णय लिया है। इनमें हरियाणा की पांच विभूतियां भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वे हरियाणा किसान आयोग व कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों की भी सराहना करते हैं जिन्होंने पदम पुरस्कारों की घोषणा होने के 5 दिनों के बाद ही हरियाणा के विजेताओं के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया है और हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है जहां पदम विजेताओं को सम्मानित किया गया है।
  • उन्होंने कहा कि लगातार चौथा कृषि शिखर नेतृत्व करने वाला भी हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कृषि शिखर नेतृत्व का आयोजन 15 से 17 फरवरी, 2019 तक अन्तर्राष्ट्रीय फल एवं सब्जी ट्रमिन्स, गन्नौर, सोनीपत में होगा। उन्होंने बताया कि अब तक 38 किसानों को इन समारोहों में रत्न उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है तथा हर श्रेणी में एक-एक लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाते हैं। इसके अलावा कृषि मेले में उपस्थिति दर्ज करवाने वाले किसानों के लिए भी प्रतिदिन पांच पुरस्कार दिए जाएंगे, जिन में दो ट्रैक्टर, मोटरसाईकिल तथा महिलाओं के लिए स्कूटी के लिए ड्रा निकाला जाएगा।
  • श्री धनखड़ ने कहा कि कृषि शिखर नेतृत्व आयोजन करने का उनका लक्ष्य किसानों को अपने उत्पाद स्वयं बाजार में बेचने के लिए प्रेरित करना हैै। पिछले वर्ष रोहतक में 10 प्रतिशत किसानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा कि पद्मश्री किसानों के लिए प्रेरणा बनें, यही उनकी कामना है और उत्तम खेती व किसान आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र पद्मभूषण व पद्मश्री जैसे देश के सर्वोच्च सम्मान न मिलने से उपेक्षित था लेकिन इस बार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसके गौरव को बहाल किया है तथा देश के 12 किसानों के साथ कृषि क्षेत्र से जुड़े पांच कृषि वैज्ञानिकों को भी इस पुरस्कार से नवाजा जा रहा है।
  • श्री धनखड़ ने बताया कि कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित व्यक्ति युवा किसानों के लिए प्रेरणास्रोत होंगे तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुणी करने के लक्ष्य को हासिल करने की हरियाणा द्वारा की गई पहल को निश्चित रूप से आगे बढ़ाएंगे।
  • उल्लेखनीय है कि हरियाणा के दर्शन लाल जैन को सामाजिक कार्यों के लिए पद्मभूषण से, कंवल सिंह चौहान को कृषि, नरेंद्र सिंह व सुलतान सिंह को पशुपालन एवं डेयरी तथा पहलवान बजरंग पूनिया का खेल क्षेत्र में पद्मश्री पुरस्कार के लिए चयन हुआ है।
  • समारोह में राजस्थान से आए पद्मश्री जगदीश प्रसाद पारीक ने अपने अनुभव सांझा करते हुए कहा कि फूल गोभी की जैविक खेती पर उनका ध्यानकेन्द्रित है जिसके लिए राजस्थान सरकार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उनका लक्ष्य गीनिज बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना फूल गोभी के उत्पाद को दर्ज करवाना है, अब तक वे 25 किलोग्रात तक का एक गोभी के फूल का उत्पादन कर चुक है।
  • हरियाणा के अटेरना, सोनीपत के कंवर सिंह चौहान को मशरूम व बेबी कॉर्न के उत्पाद के लिए, गांव डिडवाडी, जिला पानीपत के श्री नरेन्द्र सिंह मुर्राह नस्ल सुधार के लिए तथा नीलोखेड़ी करनाल के सुलतान सिंह को मत्स्य पालन के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने पद्मश्री पुरस्कार के लिए अपना नाम भारत सरकार को भेजने हेतु कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ का विशेष आभार व्यक्त किया।
  • किसान आयोग के चैयरमैन डॉ. रमेश यादव, कृषि एवं किसान विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती नवराज सिन्धू, पशुपालन एवं डेरी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुनील गुलाटी, कृषि निदेशक, अजीत बालाजी जोशी ने भी समारोह को सम्बोधित किया।
  • चंडीगढ़, 30 जनवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आज उत्तर प्रदेश के कुशीनगर नगर स्थित अंतराष्ट्रीय पर्यटक स्थल में परिनिर्वाण स्थली पर जाकर महात्मा बुद्ध की प्रतिमा के दर्शन किए और प्रतिमा की परिक्रमा की
  • इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध के इस परिनिर्वाण स्थल पर आकर मैं ज्ञान की वैसी तरंगों को महसूस कर रहा हूं जैसी गीता की पावन स्थली कुरूक्षेत्र में है। उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध ने भगवान श्रीकृष्ण के कर्म के संदेश को आगे बढ़ाया और उसका प्रसार पूर्व के सभी देशों में हुआ। उन्होंने सभी के लिए शांति व सुखी जीवन की कामना भी की।
  • मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को इस अवसर पर गाइड अभय कुमार राय द्वारा महात्मा बुद्ध स्थली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
  • कुशीनगर पहुंचने पर सांसद राजेश पांडेय, विधायक कसया रजनी कांत मणि, हाटा, पवन केडिया, फाजिलनगर गंगा सिंह कुशवाहा, खडडा जटा शंकर त्रिपाठी और भाजपा के जिलाध्यक्ष जे.पी.शाही ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का स्वागत किया। कुशीनगर के जिलाधिकारी डॉ० अनिल कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक राजीव नारायण मिश्र ने भी गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
  • मुख्यमंत्री ने कुशीनगर स्थित पथिक निवास में महात्मा बुद्ध की जीवन शैली व उनके इतिहास से संबंधित लघु फिल्म देखी और उनके जीवन व शिक्षाओं की जानकारी विस्तार से प्राप्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री को कुशीनगर जनपद के सांसद व विधायकों द्वारा महात्मा बुद्ध के इतिहास संबंधित पुस्तक व उपहार भी भेंट किए गए।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर के अलावा जिला के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
  • चंडीगढ़, 30 जनवरी- हरियाणा मंत्रिमण्डल की आगामी बैठक मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में 4 फरवरी, 2019 को दोपहर 3.00 बजे चण्डीगढ़ में हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल स्थित सभा कक्ष में होगी।
  • चंडीगढ़, 30 जनवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने पानीपत की पुलिस लाइन में वेलफेयर सेंटर के निर्माण के लिए 2 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की राशि को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
  • पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री बी.एस.संधू ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के 13 वेलफेयर सेंटर अंबाला रेंज, हिसार रेंज, करनाल रेंज, रेवाड़ी रेंज, रोहतक रेंज, गुरुग्राम और पंचकूला के पुलिस कमिश्नरेट में स्थापित किए जा चुके हैं।
  • उन्होंने कहा कि इन वेलफेयर सेंटर का निर्माण मुख्य रूप से पुलिस कर्मियों के पुलिस लाइंस में रहने वाले परिवारों के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के लिए किया जाता है। इसके अलावा, इन केंद्रों का उपयोग सामाजिक उद्देश्यों के लिए भी किया जा सकता है।
  • पुलिस बल की दक्षता और प्रभावशीलता को बढ़ाने में पूर्ण सहयोग और समर्थन देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए श्री संधू ने कहा कि सुरक्षा में निवेश करके पुलिस प्रणाली को सुदृढ़ बनाया जा रहा हैं ताकि प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा को सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से पुलिसकर्मियों को एक बेहतर बुनियादी ढांचा प्रदान करने में मदद मिलेगी।
  • चंडीगढ़, 30 जनवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने फरीदाबाद के सैक्टर-8 में 22.18 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत से बनने वाले 30 बहुमंजिला न्यायिक मकानों के निर्माण के लिए मंजूरी दे दी है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कुरूक्षेत्र की डीसी कालोनी में न्यायिक अधिकारियों के लिए नौ मकानों के निर्माण के लिए 6.60 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत पर निर्माण करने की भी मंजूरी प्रदान कर दी है।
  • इस संबंध में जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि कुरूक्षेत्र में नौ न्यायिक मकानों में से तीन का निर्माण अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (एडीजे) के लिए और छह मकान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के लिए निर्मित होंगें।